बिजनौर: दबिश देने गई पुलिस टीम पर हमला, दरोगा समेत तीन घायल
बिजनौर
चोरी के मामले में दबिश देने के लिए पहुंची टीम पर लोगों ने हमला बोल दिया। हमले में एक दरोगा और दो सिपाही घायल हो गए। पिटाई में दरोगा का हाथ भी टूट गया। पुलिस ने 12 नामजद और छह अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। तीन आरोपियों को गिरफ्तार भी कर लिया है। बाकी को पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही है। कस्बा कोतवाली देहात में 16 फरवरी को जनसेवा केंद्र में करीब 13 लाख की चोरी हुई थी। पुलिस इसमें सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस के आधार पर चोरी का खुलासा करने का प्रयास कर रही थी। पुलिस के मुताबिक चोरी के संदिग्ध आरोपियों के संपर्क में आए कस्बा कोतवाली देहात के मोहल्ला सादात निवासी सरताज को पुलिस पूछताछ के लिए बुलाने गई थी।
दरोगा पवन कुमार, सिपाही पवन कुमार और सोनू सहगल जब उसके यहां पहुंचे तो इन पर सरताज और उसके साथियों ने हमला बोल दिया। इसमें दरोगा समेत तीनों पुलिसकर्मियों को गंभीर चोट आई। दरोगा पवन कुमार के हाथ में फ्रेक्चर भी हुआ है। घायल पुलिसकर्मियों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कोतवाली देहात ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार देकर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। एसपी डॉ. धर्मवीर सिंह ने बताया कि पुलिस ने इस हमले में 12 नामजद और छह अज्ञात आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है और सरताज पुत्र एजाज, नबाब पुत्र इब्बेहसन व हमजा पुत्र परवेज को गिरफ्तार भी कर लिया।

पाठको की राय